Combiflame – Uses, Precautions, Side Effects In Hindi : कॉम्बिफ्लेम एक लोकप्रिय और व्यापक रूप से इस्तेमाल की जाने वाली दवा है, जिसका लोगों द्वारा भारी मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है। कॉम्बिफ्लेम दो शक्तिशाली तत्वों पैरासिटामोल और इबुप्रोफेन का संयोजन है। यह दवा दर्द, बुखार और सूजन से प्रभावी राहत प्रदान करती है और इसलिए इसे आमतौर पर सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, मासिक धर्म के दर्द, दांत दर्द और जोड़ों के दर्द जैसी स्थितियों में इस्तेमाल किया जाता है।
कॉम्बिफ्लेम को अक्सर तुरंत असर और लंबे समय तक राहत के कारण डॉक्टर द्वारा अल्पकालिक उपयोग के लिए सुझाया जाता है। कॉम्बिफ्लेम एक भरोसेमंद दवा है, लेकिन इसके साथ ही जान लें, कि इसके साइड इफेक्ट्स और ओवरडोज का जोखिम भी होता है। ऐसे में जरुरी है, कि इसके सेवन से पहले हमेशा डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए और साथ ही इसे सही खुराक के अनुसार ही लेना चाहिए।

कॉम्बिफ्लेम क्या है ?
कॉम्बिफ्लेम एक संयुक्त दवा है, जिसमें प्रत्येक टैबलेट में पैरासिटामोल (325mg) और इबुप्रोफेन (400mg) का मिश्रण होता है। पैरासिटामोल जो दर्द कम करने और बुखार घटाने में असर करती है और इबुप्रोफेन दर्द और सूजन को कम करने में मददगार होती है। यह संयोजन शरीर में प्रोस्टाग्लैंडीन नामक रसायनों के उत्पादन को रोकता है, जो दर्द और सूजन के लिए जिम्मेदार होते हैं। यही कारण है, कि कॉम्बिफ्लेम न केवल तेज असर दिखाता है, बल्कि लंबे समय तक राहत भी देता है।
कॉम्बिफ्लेम कैसे काम करता है ?
कॉम्बिफ्लेम पैरासिटामोल और इबुप्रोफेन से मिलकर बनती है, जो दर्द और बुखार में तुरंत राहत देती है। इसका कारण है पैरासिटामोल मस्तिष्क के हाइपोथैलेमस में काम करके बुखार कम करता है और दर्द के संकेतों को घटाता है। साथ ही इबुप्रोफेन पूरे शरीर में सूजन और दर्द पैदा करने वाले रसायनों को रोकता है।
किन बीमारियों में कॉम्बिफ्लेम का सेवन किया जाता है ?
कॉम्बिफ्लेम को कई स्थितियों में इस्तेमाल किया जाता है, जिनमें से प्रमुख का वर्णन इस प्रकार है।
1. बुखार में राहत
यह अस्थायी रूप से शरीर का तापमान कम करता है और साथ ही तेज बुखार को कम करने में असरदार होता है। कंपकंपी के साथ या तेज ठंड से बुखार होने पर भी कॉम्बिफ्लेम तुरंत राहत देता है। हालांकि बुखार के मूल कारण का इलाज नहीं करता। ऐसे में लंबे समय तक बुखार रहने पर डॉक्टर से परामर्श करना जरूरी है।
2. दर्द से राहत
कॉम्बिफ्लेम हल्के से मध्यम दर्द में प्रभावी है, जैसे सिरदर्द, दांत दर्द, मांसपेशियों का दर्द, पीठ और जोड़ों का दर्द और मासिक धर्म की ऐंठन जैसे अलग-अलग दर्द की स्थितियों में कॉम्बिफ्लेम बेहद आराम देती है।
3. सूजन कम करना
इबुप्रोफेन की वजह से यह दवा सूजन कम करने में भी मदद करती है, खासतौर पर ऑस्टियोआर्थराइटिस, रुमेटी गठिया और गाउट जैसी सूजन में राहत देने के लिए कॉम्बिफ्लेम का इस्तेमाल किया जाता है।
4. बच्चों में उपयोग
छोटे बच्चों में कॉम्बिफ्लेम दवा को सिरप के रुप में दिया जाता है। 6 महीने से ऊपर के बच्चों के लिए ये दवा कॉम्बिफ्लेम सिरप रूप में उपलब्ध होती है, जो किसी भी मेडिकल स्टोर पर आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इसका उपयोग बच्चों को बुखार होने पर या शरीर दर्द होने पर डॉक्टर की देखरेख में किया जाता है।

कॉम्बिफ्लेम के दुष्प्रभाव
वैसे तो कॉम्बिफ्लेम एक प्रभावी और भरोसेमंद दवा है, जो दर्द, बुखार और सूजन से राहत दिलाने में मदद करती है। इसके संयोजन से यह कई स्थितियों में उपयोगी साबित होती है। इसके बावजूद भी इसके कुछ दुष्प्रभाव होते हैं, जिनके बारे में जानकारी होना बेहद जरुरी होती है। आइए जानते हैं, कॉम्बिफ्लेम के सामान्य और गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में।
कॉम्बिफ्लेम के सामान्य दुष्प्रभाव
- सिरदर्द, चक्कर या थकान की शिकायत हो सकती है।
- कुछ मामलों में ये पेट पर असर करती है, जिससे पेट दर्द, दस्त या कब्ज की समस्या हो जाती है।
- मतली आना और उल्टी होना भी कॉम्बिफ्लेम के सामान्य दुष्प्रभावों में शामिल है।
- कई बार कॉम्बिफ्लेम के दुष्प्रभाव के कारण त्वचा पर एलर्जी या खुजली भी हो सकती है।
कॉम्बिफ्लेम के गंभीर दुष्प्रभाव
सामान्य दुष्प्रभावों के साथ ही कॉम्बिफ्लेम के कुछ दुर्लभ, लेकिन गंभीर दुष्प्रभाव भी होते हैं।
- लिवर डैमेज का खतरा।
- गुर्दे की खराबी की शंका।
- स्टीवन-जॉनसन सिंड्रोम यानि गंभीर त्वचा प्रतिक्रिया।
- खून की कमी यानि एनीमिया की शिकायत।
- सांस लेने में कठिनाई या एलर्जिक रिएक्शन।
कॉम्बिफ्लेम की सावधानियाँ और चेतावनियाँ
कॉम्बिफ्लेम बेहद असरदार और भरोसेमंद दवा है, इसके बावजूद भी इसका सेवन सावधानी से करना जरुरी होता है। जानते हैं उन स्थितियों के बारे में, जिसमें कॉम्बिफ्लेम का सेवन नहीं करना चाहिए।
- अगर आपको पैरासिटामोल या NSAIDs से एलर्जी है, तो कॉम्बिफ्लेम भी आपको नुकसान पहुंचा सकती है।
- जिन लोगों का पेट का अल्सर या रक्तस्राव का इतिहास होता है, उन्हें कॉम्बिफ्लेम के सेवन से बचना चाहिए।
- गंभीर जिगर या गुर्दे की बीमारी के रोगियों को कॉम्बिफ्लेम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- हृदय रोग या स्ट्रोक के रोगियों को कॉम्बिफ्लेम नुकसान कर सकती है।
- गर्भावस्था की अंतिम तिमाही की स्त्रियों को कॉम्बिफ्लेम के सेवन से बचना चाहिए।
- अस्थमा के मरीजों के लिए कॉम्बिफ्लेम नुकसानदायक हो सकती है। इसके सेवन से अस्थमा के अटैक का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में अस्थमा के मरीज इसके सेवन से बचें।

कॉम्बिफ्लेम दवा को कैसे असरदार बनाए रखें ?
कॉम्बिफ्लेम दवा के इस्तेमाल के साथ ही इसके संग्रह करने के बारे में भी जरुरी जानकारी होनी चाहिए। कॉम्बिफ्लेम को सही तरीके से और असरदार बनाए रखने के लिए कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरुरी होता है।
- इसे कमरे के तापमान (20°C–25°C) पर रखना चाहिए।
- कॉम्बिफ्लेम को नमी, धूप और गर्मी से बचाकर दूर रखना चाहिए।
- इस दवा को बच्चों और पालतू जानवरों की पहुँच से दूर रखें।
- दवा की समाप्ति तिथि पर खास ध्यान दें। तिथि समाप्त होने के बाद गलती से भी दवा का उपयोग न करें।